‘फूल और कांटे’ के निर्देशक कुकू कोहली का निधन

Ads

'फूल और कांटे' के निर्देशक कुकू कोहली का निधन

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 11:42 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 11:42 PM IST

मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) फिल्म निर्माता कुकू कोहली का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे।

1991 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘फूल और कांटे’ से अभिनेता अजय देवगन के बॉलीवुड करियर की शुरुआत हुई थी।

कोहली के फिल्म निर्माता दोस्त अशोक पंडित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उन्हें बेचैनी महसूस हो रही थी, इसलिए कल उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शाम करीब 4:30 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।’’

कोहली का असली नाम अवतार कोहली था। उन्होंने निर्देशक के रूप में अपनी शुरुआत करने से पहले राज कपूर और अन्य फिल्मकारों के साथ काम किया था।

उन्होंने ‘फूल और कांटे’ फिल्म से बतौर निर्देशक अपना करियर शुरू किया। इसी फिल्म से सिने जगत में देवगन के करियर की भी शुरुआत हुई थी।

इसके बाद उन्होंने ‘कोहराम’, ‘सुहाग’, ‘हकीकत’, ‘अनाड़ी नंबर 1’, ‘ये दिल आशिकाना’ और ‘वो तेरा नाम था’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।

उनके परिवार में उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री अरुणा ईरानी और पहली शादी से हुई दो बेटियां हैं।

कोहली का अंतिम संस्कार बुधवार को ओशिवारा श्मशान घाट पर किया जाएगा।

भाषा सुभाष सिम्मी

सिम्मी