पोर्ट-ओ-प्रिंस (हैती), 25 अगस्त (एपी) हैती की राजधानी के पास एक इलाके में हथियारबंद लोगों ने हमला कर कम से कम 47 लोगों की हत्या कर दी और 50 से अधिक लोगों का अपहरण कर लिया। संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
माना जा रहा है कि हाल के वर्षों में हैती में हुई सामूहिक अपहरण की यह सबसे बड़ी घटनाओं में से एक है। एक गिरोह के सरगना ने धमकी दी है कि अगर अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित करने की कार्रवाई के दौरान उसके गिरोह के किसी सदस्य को नुकसान पहुंचाया तो वह बंधकों की हत्या कर देगा।
रविवार को पोर्ट-ओ-प्रिंस के पास पहाड़ियों में बसे केन्सकॉफ इलाके पर हुए इस हमले ने उस धारणा को झटका दिया है कि हिंसा से जूझ रहे इस कैरेबियाई देश में सुरक्षा स्थिति सुधर रही है।
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में गिरोह के सरगना ने हैती की राष्ट्रीय पुलिस के निदेशक व्लादिमीर पैराइसन को धमकी दी और इलाके में गिरोहों को खदेड़ने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी।
गिरोह के इस सदस्य ने अपनी पहचान केवल ‘इजो 2’ के रूप में बताई। यह नाम ‘इजो’ या जॉनसन आंद्रे के संदर्भ में है, जो हैती के सबसे ताकतवर गिरोह सदस्यों में से एक है।
अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ वैश्विक पहल में हैती ऑब्जर्वेटरी के प्रमुख रोमेन ले कूर ने कहा, ‘‘यह हमला सरकार और पुलिस को संदेश है कि सुरक्षा को लेकर उनके दावे हकीकत से मेल नहीं खाते। गिरोह यह कह रहे हैं कि वे जब हमला करना चाहेंगे, कर सकते हैं और सफल भी होंगे।’’
हैती में संयुक्त राष्ट्र एकीकृत कार्यालय (बिनुह) के अनुसार, मारे गए 47 लोगों में कम से कम पांच बच्चे थे।
एपी सिम्मी सुभाष
सुभाष