हाथरस में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर बिना सूचना अंतिम संस्कार का आरोप

हाथरस में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर बिना सूचना अंतिम संस्कार का आरोप

हाथरस में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर बिना सूचना अंतिम संस्कार का आरोप
Modified Date: August 1, 2026 / 12:28 am IST
Published Date: August 1, 2026 12:28 am IST

हाथरस, 31 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के थरौरा गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 31 वर्षीय निर्मला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पुलिस और परिजनों को बिना सूचना दिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने चिता की आग बुझाकर शव के अवशेष बरामद किए, जिन्हें पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के जायमई गांव निवासी सुरेश चंद्र की पुत्री निर्मला का विवाह वर्ष 2012 में थरौरा गांव निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी के साथ हुआ था। अमित हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित एक फैक्टरी में काम करता है।

पुलिस ने बताया कि विवाह के लगभग दो वर्ष बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। निसंतान दंपति का मामला करीब 10 वर्षों तक न्यायालय में लंबित रहा। लगभग चार वर्ष पहले अदालत के आदेश पर पुलिस की मौजूदगी में निर्मला को थरौरा गांव में रहने के लिए एक मकान और चार बीघा जमीन उपलब्ध कराई गई थी।

शुक्रवार को निर्मला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने उन्हें और पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष घर में ताला लगाकर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जे.एन. अस्थाना और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग ने चिता की आग बुझाकर शव के अवशेष एकत्र किए, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

सीओ अस्थाना ने बताया कि शव के अवशेष बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में