गोरखपुर (उप्र), 16 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग, जल निगम और सेतु निगम के अधिकारियों को गोरखपुर में सड़क परियोजना का काम धीमा होने पर फटकार लगायी।
मुख्यमंत्री ने एच.एन. सिंह चौक से हररवा फाटक होते हुए जगेसर पासी चौराहा तक बनने वाली दो-लेन और चार-लेन की सड़क परियोजना का काम धीमा होने पर फटकार लगायी।
आदित्यनाथ ने स्मार्ट बाजार के पास और हररवा फाटक के आगे दो जगहों पर बन रही सड़क का निरीक्षण किया और 495.24 करोड़ रुपये की सड़क चौड़ीकरण परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा दिखाए गए लेआउट मॉडल को देखा और सड़क के आकार-प्रकार और अब तक हुए काम की जानकारी मांगी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद के मुताबिक प्रगति न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को आगे किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने की चेतावनी दी और विभागों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
लोक निर्माण विभाग इस सड़क परियोजना का काम कर रहा है, जबकि जल निगम सीवर लाइन बिछा रहा है और सेतु निगम हररवा फाटक पर ओवरब्रिज बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि आने वाले त्योहारों से पहले सड़क पर गाड़ियां दौड़ सकें और निर्माण कार्य के दौरान यातायात में कोई रुकावट न आए।
भाषा सं. सलीम गोला
गोला