उत्तर प्रदेश में जालसाजी के जरिये दो करोड़ रुपये की कर चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में जालसाजी के जरिये दो करोड़ रुपये की कर चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में जालसाजी के जरिये दो करोड़ रुपये की कर चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: February 14, 2026 / 07:40 pm IST
Published Date: February 14, 2026 7:40 pm IST

शाहजहांपुर (उप्र) 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में फर्जी कंपनी बनाकर दो करोड़ रुपये की कर चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के निवासी अखिलेश, गाजियाबाद के रहने वाले विपिन, मुजफ्फरनगर के निवासी शिवम और शामली के रहने वाले राहुल राणा के रूप में हुई है।

एसपी ने कहा कि रोजा थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे शिक्षित बेरोजगारों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके आधारकार्ड तथा शैक्षिक प्रमाण पत्र ले लेते थे और बाद में इन्हीं दस्तावेजों से व्यापार कर विभाग में रजिस्ट्रेशन कराकर कंपनी बना लेते थे। इन्हीं कंपनियों के नाम पर वे महराजगंज तथा गोरखपुर और अन्य जनपदों से ‘स्क्रैप’ खरीदते थे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद वे खरीदे गए स्क्रैप को बेचकर कर की चोरी करते थे।

अधिकारी ने कहा कि व्यापार कर अधिकारियों ने इस बारे में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस टीम बनाई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

द्विवेदी ने कहा कि आरोपियों ने बताया है कि इस काम में उनका एक साथी राहुल फर्जी बिल तैयार करता था तथा विपिन उन पर हस्ताक्षर करता था जबकि सुमित गाड़ियों के नंबर उपलब्ध कराता था। इन लोगों को यह भी जानकारी रहती थी कि किस मार्ग पर व्यापार कर के अधिकारी मौजूद हैं, ऐसे में ये उस मार्ग से अपना रास्ता बदल देते थे।

भाषा सं आनन्द पवनेश जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में