कासगंज में घरेलू विवाद के दौरान किशोरी की हत्या, भाभी हिरासत में
कासगंज में घरेलू विवाद के दौरान किशोरी की हत्या, भाभी हिरासत में
कासगंज (उप्र), चार जून (भाषा) कासगंज जिले में आपसी विवाद के दौरान 17 वर्षीय किशोरी की उसकी भाभी ने कथित तौर पर डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी भाभी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उसने बताया कि घटना सहावर थाना क्षेत्र के नगला चौबे गांव की है। किशोरी की पहचान ज्योति कुमारी (17) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को ज्योति का अपनी भाभी मनु से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
उसने बताया कि कहासुनी बढ़ने के बाद विवाद हिंसक हो गया और मनु ने ज्योति के सिर पर कथित रूप से डंडे से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने बताया कि परिजन और ग्रामीण ज्योति को तत्काल सहावर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा हत्या की आरोपी मनु से पूछताछ की।
उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से भी जानकारी ली, जिसके बाद मनु को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं सलीम खारी
खारी

Facebook


