महिला डॉक्टर का शव संदिग्ध हालात में कमरे में पाया गया

महिला डॉक्टर का शव संदिग्ध हालात में कमरे में पाया गया

महिला डॉक्टर का शव संदिग्ध हालात में कमरे में पाया गया
Modified Date: April 27, 2026 / 05:56 pm IST
Published Date: April 27, 2026 5:56 pm IST

आगरा (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में हॉस्टल में रहकर एमडी की पढ़ाई कर रही एक महिला चिकित्सक का शव सोमवार को संदिग्ध हालात में उसके कमरे में मिला। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

सहायक पुलिस आयुक्त मनीषा ने बताया कि आगरा के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान केंद्र में एमडी की पढ़ाई कर रही डॉक्टर वर्तिका (28) का शव हॉस्टल के कमरे में मिला ।

उन्होंने बताया कि रविवार को परिजनों के बार—बार फोन करने के बावजूद वर्तिका की तरफ से कोई जवाब नहीं आने पर उन्होंने उसके दोस्तों को फोन किया जिन्होंने हॉस्टल जा कर देखा तो कमरे का दरवाजा बंद था।

मनीषा ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर देखा तो वर्तिका बिस्तर पर बेसुध पड़ी पायी गयी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वर्तिका को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सहायक पुलिस ने बताया कि वर्तिका के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि डॉक्टर वर्तिका मानसिक रूप से परेशान थीं और उनका इलाज भी हो रहा था।

उन्होंने कहा कि डॉक्टर की मौत की असल वजह पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी।

मनीषा ने बताया कि अभी तक किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और साथ ही डेटा का अध्ययन भी किया जा रहा है।

भाषा सं. सलीम

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में