प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृहस्पतिवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृहस्पतिवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृहस्पतिवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे
Modified Date: June 17, 2026 / 09:53 pm IST
Published Date: June 17, 2026 9:53 pm IST

लखनऊ, 17 जून (भाषा) अयोध्या में राम मंदिर में दान और चढ़ावे के गबन के आरोपों को लेकर जारी राजनीतिक विवाद और इस मामले की विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा जारी जांच के बीच कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय रामलला का दर्शन करने बृहस्पतिवार को अयोध्या जाएंगे।

राय की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब उत्तर प्रदेश सरकार ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के वित्तीय प्रबंधन और दान के गबने के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की है।

कांग्रेस नेता ने इस विवाद की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराने की भी मांग की है।

राय की यात्रा के अगले दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या का दौरा किए जाने की संभावना है। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान अयोध्या में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, “राय सड़क मार्ग से सुबह साढ़े आठ बजे लखनऊ से निकलेंगे और साढ़े दस बजे अयोध्या पहुंचेंगे जहां वह राम मंदिर में दर्शन करने के बाद हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे और दोपहर तक लखनऊ वापस लौटेंगे।”

राय ने कहा कि वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अयोध्या जाएंगे। अपनी यात्रा से पूर्व राय ने एसआईटी जांच को आंख में धूल झोंकने वाला करार दिया और उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में जांच कराने की अपनी मांग दोहराई।

अपनी अयोध्या यात्रा की पुष्टि करते हुए राय ने पीटीआई को बताया, “उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की देखरेख में तय समय सीमा के भीतर जांच से कम कुछ भी नहीं होगा क्योंकि मौजूदा समय में की जा रही एसआईटी जांच आंख में धूल झोंकने वाली है।”

यह पूछे जाने पर क्या बृहस्पतिवार को उनकी यात्रा का उद्देश्य उससे कहीं अधिक है जितना दिखाई देता है, राय ने कहा, “मैं वाराणसी का निवासी हूं। अयोध्या एक पवित्र नगरी है और हम वहां भगवान राम का आशीर्वाद लेने जाएंगे।”

भाषा मनीष राजेंद्र सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में