लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का शेड ढहने से तीन व्यक्ति घायल
लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का शेड ढहने से तीन व्यक्ति घायल
लखनऊ, 29 मई (भाषा) लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म शेड का एक हिस्सा शुक्रवार की सुबह ढह जाने से एक टीटीई समेत तीन व्यक्ति घायल हो गए।
अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना सुबह करीब 8:15 बजे प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर घटी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यात्री उस प्लेटफॉर्म पर गाड़ी की प्रतीक्षा कर रहे थे, तभी शेड का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया और रेलवे की पटरी पर गिर गया जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में टीटीई अमित और यात्री अखिलेश एवं साहिल घायल हो गए। आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर तीनों को बचाया।
उन्होंने कहा कि तीनों घायलों को इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में टीटीई के पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि एक यात्री के कंधे और दूसरे यात्री के हाथ में चोट लगी है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस दुर्घटना के बाद प्लेटफॉर्म की ओर आ रही ट्रेन को आउटर सिग्नल पर रोक दिया गया और स्थिति नियंत्रण में आने के बाद ही ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर आने दिया गया।
सूत्रों ने कहा कि स्टेशन पर नवीनीकरण और समानांतर निर्माण कार्य चल रहा है और प्लेटफॉर्म संख्या पांच के शेड को पहले ही तोड़ा जा चुका है। ढहे हिस्से को भी हटाया जाना था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शेड के किनारों पर लोहे के ढांचे में जंग लगने और रखरखाव की कमी के कारण संभवतः शेड का वह हिस्सा ढह गया।
उत्तर रेलवे के मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल का दौरा किया और घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
डीआरएम ने संवाददाताओं को बताया कि इस घटना की जांच का आदेश दिया गया है और जिम्मेदार एजेंसी और रेल कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन इस घटना की जांच के लिए किया गया है। प्रारंभिक जांच में ठेकेदार की तरफ से लापरवाही का संकेत मिलता है।
भाषा राजेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


