मुरादाबाद में रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, तीन लोगों की मौत
मुरादाबाद में रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, तीन लोगों की मौत
मुरादाबाद (उप्र), 16 जून (भाषा) मुरादाबाद जिले के कठघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, संभल जिले के हयातनगर इलाके के सरायतरीन के निवासी जुनैद (35) अपनी गर्भवती पत्नी सिमरन (30), तीन साल के बेटे दानियाल और भाभी मंतशा (25) के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे।
पुलिस ने कहा कि पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने कथित तौर पर ओवरटेक करने की कोशिश में मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे चारों मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गए और दोपहिया वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने कहा कि बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सिमरन और दानियाल को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मंतशा ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि जुनैद का इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने रोडवेज बस को जब्त कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालक की भूमिका और लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सं जफर
जोहेब
जोहेब

Facebook


