मिर्जापुर (उप्र), 19 अप्रैल (भाषा) मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में एक ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी में शनिवार रात हुई।
मड़िहान थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मंजरी राव ने पत्रकारों को बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार वीरेंद्र कुमार (35), विजय कुमार (38) और राजेश (41) मिर्जापुर से मड़िहान की तरफ जा रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राव ने बताया कि पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
भाषा सं आनन्द सिम्मी
सिम्मी