मैनपुरी में तीन महीने की बच्ची से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Ads

मैनपुरी में तीन महीने की बच्ची से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 01:05 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 01:05 PM IST

मैनपुरी (उप्र), तीन सितंबर (भाषा) मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के एक गांव में 35 वर्षीय व्यक्ति ने तीन महीने की नवजात बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जिसके संदिग्ध ठिकानों पर त्वरित छापेमारी के बाद पुलिस ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार देर शाम की है जब नवजात अपने घर के अंदर एक खाट पर लेटी हुई थी। उसकी मां रात का खाना बना रही थी और उसके पिता घरेलू कामों में व्यस्त थे।

बेवर के थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने कहा, ‘‘आरोपी पड़ोस में रहता है और परिवार को जानता था। वह घर में घुसा और बच्ची के साथ खेलने लगा। फिर वह उसे बाहर ले गया। चूंकि परिवार उससे परिचित था, इसलिए उन्हें किसी गलत काम का संदेह नहीं हुआ।’’

पुलिस ने कहा कि लगभग आधे घंटे बाद, आरोपी वापस आया, नवजात को वापस खाट पर लिटाया और चला गया।

इंस्पेक्टर सिंह ने कहा, ‘‘बच्ची लगातार रो रही थी। जब उसकी मां उसे चुप कराने गई, तो उसने बच्चे के जननांगों से गंभीर रक्तस्राव देखा और शोर मचाया।’’

परिजन तुरंत बच्ची को जिला अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उसका वहां इलाज हो रहा है।

पीड़िता के पिता द्वारा बुधवार को दायर की गई शिकायत के आधार पर जितेंद्र के खिलाफ कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई।

भाषा सं जफर मनीषा सुरभि

सुरभि