बुलंदशहर में विवाद के बाद तीन युवकों की गोली मारकर हत्या, तीन लोग गिरफ्तार

बुलंदशहर में विवाद के बाद तीन युवकों की गोली मारकर हत्या, तीन लोग गिरफ्तार

बुलंदशहर में विवाद के बाद तीन युवकों की गोली मारकर हत्या, तीन लोग गिरफ्तार
Modified Date: April 26, 2026 / 06:11 pm IST
Published Date: April 26, 2026 6:11 pm IST

बुलंदशहर (उप्र), 26 अप्रैल (भाषा) बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में कहासुनी के दौरान तीन युवकों की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शनिवार देर रात खुर्जा नगर क्षेत्र के सुभाष रोड पर एक स्कूल के पास आपसी कहासुनी में तीन लोगों को गोली मार दी गई।

जैन ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अमरदीप (30), मनीष (28) और आकाश (18) के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने बताया कि शनिवार रात थाना खुर्जा नगर क्षेत्र में अमरदीप, मनीष और आकाश एक जिम में थे, वहां जीतू नामक युवक का जन्मदिन मनाया जा रहा था।

भास्कर के अनुसार इस दौरान किसी बात पर विवाद हो गया जो बढ़ता चला गया।

उन्होंने कहा कि कहासुनी में गोली चली जिसमें अमरदीप, मनीष और आकाश की मौत हो गई।

एडीजी ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा जांच में आठ टीम लगी हुई हैं एवं सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।

घटना में इस्तेमाल असलहे के सवाल पर उन्होंने बताया कि अभी तक पता चला है कि यह .32 बोर का रिवॉल्वर या पिस्तौल भी हो सकता है या दोनों थे, जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

इससे पहले मेरठ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने बताया था कि लोगों की शिकायतों और बताए गए घटनाक्रम के अनुसार कुछ युवकों का जिम में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई।

डीआईजी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जन्मदिन पार्टी के दौरान आपसी कहासुनी होने पर दोस्तों के बीच विवाद हुआ था।’’

उन्होंने बताया कि कुछ साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिनका अलग से विश्लेषण किया जा रहा है।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में