लखनऊ, 20 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बृहस्पतिवार शाम से तेज हवाएं, गरज के साथ तूफान और बारिश दर्ज की गई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से सटे ज्यादातर जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली चमकी और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे तापमान में काफी गिरावट आया।
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हो रही वर्षा के मद्देनजर जिलाधिकारियों को क्षेत्र में निकलकर फसलों को हो रहे नुकसान का तत्काल आकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को क्षेत्र के अधिकारियों से सीधा समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया और कहा कि वे फसलों को होने वाली क्षति का आकलन प्राप्त कर समय पर मुआवजे के वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि इस मौसम का प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड में बने रहने की संभावना है और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाएं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और इटावा समेत 27 जिलों में मूसलाधार बारिश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि मौजूदा मौसम से अगले दो दिनों में तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश हुई और शहर का अधिकतम तापमान घटकर 23.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो कि सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों में बीच-बीच में बारिश, गरज के साथ तूफान और तेज हवाओं के साथ मौजूदा स्थिति बने रहने की संभावना है।
आंकड़ों के मुताबिक, हमीरपुर में सबसे अधिक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद बरेली और शाहजहांपुर प्रत्येक में 24 मिलीमीटर बारिश, अलीगढ़ में 24 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भाषा चंदन राजेंद्र सुरभि
सुरभि