संभल में रंग एकादशी पर शोभायात्रा को लेकर कड़ी सुरक्षा, मस्जिदों को पन्नी से ढकवाया

Ads

संभल में रंग एकादशी पर शोभायात्रा को लेकर कड़ी सुरक्षा, मस्जिदों को पन्नी से ढकवाया

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 07:47 PM IST

संभल (उप्र), 27 फरवरी (भाषा) संभल में शुक्रवार को होली के चलते श्री श्याम सेवा समिति के तत्वाधान में रंग एकादशी पर शोभायात्रा निकाली गई और इस मौके पर पुलिस-प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वहीं दूसरी ओर कड़ी सुरक्षा के बीच शाही जामा मस्जिद में आज काफी संख्या में नमाजियों ने जुमे की नमाज अदा की।

इस मौके पर रंग खेला गया और राधाकृष्ण महारास का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर का मुख्य बाजार बंद रहा। रंग एकादशी पर शोभायात्रा तथा शुक्रवार की जुमे की नमाज को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। शोभायात्रा के मार्ग में पड़ने वाली मस्जिदों को पन्नी से ढकवाया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक संभल में होली के चलते मोहल्ला ठेर, महिला मंडल मंदिर, मढैया मंदिर, मोहल्ला कोट पूर्वी के गुरुद्वारा रोड, साहनी वाला फाटक और सरथल चौकी पर लोगों ने गुलाल और गीले रंगों से होली खेली और शोभायात्रा निकाली गई। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर एकादशी के पर्व की शुरुआत की।

श्री श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष अनुज गर्ग ने बताया कि रंग एकादशी पर हमारी शोभा यात्रा नगर के मार्गो से बहुत धूम धाम से निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि पूरा शहर गुलाल के रंग से सराबोर हो जाता है और यह शोभा यात्रा लगभग 30 वर्षों से निकल रही है। गर्ग ने कहा कि इसमें श्री श्याम बाबा की झांकी मुख्य आकर्षण होती है।

संभल निवासी अनूप गुप्ता ने बताया कि यहां एकादशी पर एक अनूठी 100 साल पुरानी परंपरा का भी निर्वहन किया जाता है जिसमें पिछले एक साल में जिन परिवारों में शोक हुआ है, उनके घर जाकर रंग की छींटे लगाकर शोक दूर करने की प्रथा निभाई जाती है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कुलदीप सिंह ने बताया कि आज जुमे की नमाज और संभल में एकादशी पर शोभायात्रा के चलते कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। इसके पहले शांति समिति की बैठक भी की गई थी।

उन्होंने कहा था आज संभल में एकादशी पर शोभायात्रा निकाली जा रही है और इसके लिए व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई है, जिसमें पुलिस बल और अर्धसैनिक बल की टीम भी भ्रमण करती रहेंगी।

ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है। एएसपी ने बताया कि जिस मार्ग से शोभा यात्रा निकाली जाएगी उस मार्ग में पड़ने वाली मस्जिदों के मुतवल्लियों से बात करके उन मस्जिदों को पन्नी से ढकवा दिया गया है।

एएसपी ने कहा कि संभल के कोट पूर्वी मोहल्ला स्थित शाही जामा मस्जिद में आज जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और काफी संख्या में नमाजियों ने जुमे की नमाज अदा की।

भाषा सं आनन्द संतोष

संतोष