शाहजहांपुर में धर्मांतरण के मामले में महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, एसआईटी गठित की

Ads

शाहजहांपुर में धर्मांतरण के मामले में महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार, एसआईटी गठित की

  •  
  • Publish Date - September 16, 2025 / 05:33 PM IST,
    Updated On - September 16, 2025 / 05:33 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र) 16 सितंबर (भाषा) शाहजहांपुर जिले के रामचंद्र मिशन थाने की पुलिस ने कथित धर्मांतरण मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने धर्मांतरण मामलों की छानबीन के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया है।

द्विवेदी ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने हरजीत और सुनीता मसीह को सोमवार को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि यह लोग बीमारी आदि ठीक करने के बहाने लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करने हेतु प्रेरित करते थे।

पुलिस ने उनके पास से तमाम साहित्य भी बरामद किया है। यह कथित धर्मांतरण ईसाई मिशनरी द्वारा किया जा रहा था।

एसपी ने बताया कि धर्मांतरण के इन मामलों में कहां से आर्थिक मदद मिल रही है इसे लेकर पुलिस पड़ताल कर रही है और इसी के मद्देनजर एसआईटी का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि एसआईटी में क्षेत्राधिकारी को टीम प्रभारी तथा सदस्य के रूप में एसओजी प्रभारी, सर्विलांस तथा साइबर सेल के प्रभारी के अलावा संबंधित थाने के विवेचना अधिकारी को भी शामिल किया गया है। प्रत्येक सप्ताह इसकी समीक्षा पुलिस अधीक्षक स्वयं करेंगे।

उन्होंने बताया कि ईसाई मिशनरी के लिए काम करने तथा धर्मांतरण के आरोपी हरजीत तथा सुनीता मसीह को विधिक प्रक्रिया पूरी कर आज जेल भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि इसी तरह पिछले दिनों थाना सिधौली में दो मामले तथा निगोही में एक मामला धर्म परिवर्तन से जुड़ा पाया गया, जिसमें आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न ट्रस्टों से इन्हें आर्थिक मदद की पुष्टि भी हुई थी। अब इन मामलों की जांच एसआईटी करेगी।

भाषा सं आनन्द नरेश पवनेश

पवनेश