लखनऊ, 19 फरवरी (भाषा) राजधानी लखनऊ में हाल ही में आपसी विवाद को लेकर एक सेवानिवृत्त वायुसेना अधिकारी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) निपुण अग्रवाल ने बताया कि विगत 30 जनवरी को सेवानिवृत्त फ्लाइट लेफ्टिनेंट अवधेश पाठक को गोली मारकर गम्भीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित मिश्रा और उसके भाई दुर्गेश मिश्रा को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के झिझिलापुरवा इलाके से गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गयी है।
अग्रवाल ने बताया कि आरोपी अमित मिश्रा पिछले साल नवंबर में हुए एक झगड़े के बाद पाठक से रंजिश रखता था।
उन्होंने बताया कि पिछले साल नवंबर में मोटरसाइकिल चलाते समय हुए झगड़े में सेवानिवृत्त फ्लाइट लेफ्टिनेंट पाठक ने कथित तौर पर मिश्रा को गाली दी थी और थप्पड़ मारा था।
अग्रवाल ने बताया कि उस समय तो मामला शांत हो गया था लेकिन मिश्रा ने कथित तौर पर बदला लेने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि इस साल 30 जनवरी को सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास मिश्रा रास्ता पूछने के बहाने पाठक के पास गया और उनके सिर में गोली मार दी और अपने बड़े भाई दुर्गेश मिश्रा के साथ मोटरसाइकिल पर मौके से भाग गया।
उन्होंने बताया कि वारदात में गम्भीर रूप से घायल हुए पाठक की हालत अभी स्थिर है।
भाषा सलीम शफीक
शफीक