लखनऊ, 18 अगस्त (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने बुलंदशहर में प्रायोगिक परियोजना के तहत 10 रुपये प्रति लीटर की दर से ‘गोमूत्र’ खरीदने के प्रस्ताव के विरोध में मंगलवार को यहां हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में गोमूत्र की बोतलें लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों के एक पोस्टर पर लिखा था, ‘‘योगी जी (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ), गोमूत्र की दुकानें कहां हैं?’’
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों से ईको गार्डन पहुंचाया।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ‘गौ संरक्षण’ के खिलाफ हैं।
त्रिपाठी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने गौ संरक्षण के लिए उल्लेखनीय काम किया है।’’
उन्होंने तर्क दिया कि संविधान का अनुच्छेद 44, जो राज्य को समान नागरिक संहिता सुनिश्चित करने का निर्देश देता है, गौ संरक्षण की भी परिकल्पना करता है। भाजपा प्रवक्ता ने अखिलेश यादव पर ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति’’ करने का भी आरोप लगाया।
बुलंदशहर में 10 रुपये प्रति लीटर की दर से गोमूत्र खरीदने का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश सरकार की गौ संरक्षण को बढ़ावा देने और पशु उत्पादों के उपयोग की संभावनाएं तलाशने की पहल का हिस्सा है।
भाषा अभिनव जफर जितेंद्र
जितेंद्र