उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में सर्पदंश की अलग-अलग घटनाओं में दो छात्राओं की मौत
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में सर्पदंश की अलग-अलग घटनाओं में दो छात्राओं की मौत
सुलतानपुर (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) सुलतानपुर जिले में संदिग्ध रूप से सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में दो छात्राओं की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार अखण्डनगर क्षेत्र के बनगवांडीह गांव में पायल सिंह (13) रात में अपनी बहनों के साथ घर में सो रही थी, तभी किसी जहरीले जीव ने उसे काट लिया।
घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग पायल को तुरंत अस्पताल न ले जाकर झाड़-फूंक कराने लगे। हालत खराब होने पर उसे सुलतानपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पायल को मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, एक अन्य घटना में भरसारे गांव में सौम्या सिंह (15) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घर में सोते समय कथित तौर पर सांप के काटने से उसकी मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक, रात में सौम्या परिवार के साथ खाना खाकर अपने कमरे में बिस्तर पर सोने चली गई थी। रविवार सुबह वह बिस्तर पर अचेत हालत में मिली। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्रा का शरीर नीला पड़ गया था और उसके दाहिने हाथ की अंगुली में सांप काटने का निशान भी मिला। घर पर परिजनों ने शरीर नीला पड़ने पर बिस्तर को देखा तो उन्हें एक सांप दिखा।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष

Facebook


