मैनपुरी में शौचालय के टैंक में गिरने से दो बच्चियों की मौत

Ads

मैनपुरी में शौचालय के टैंक में गिरने से दो बच्चियों की मौत

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 02:10 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 02:10 PM IST

मैनपुरी (उप्र), 19 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र के नगला कंचन गांव में एक शौचालय के खुले टैंक में गिरने से दो छोटी बच्चियों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार माता-पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और आज शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अरुण कुमार सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर नगला कंचन गांव निवासी इम्तियाज की पुत्री साहिबा (छह) और जाकिर हुसैन की पुत्री गुलिस्ता (पांच) मस्जिद गई थीं, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटीं।

उन्होंने बताया कि माता-पिता ने उन्हें बहुत ढूंढा लेकिन वे नहीं मिलीं। देर शाम ग्रामीणों ने इम्तियाज के घर के बाहर बने खुले सेफ्टी टैंक में साहिबा और गुलिस्ता के शव तैरते हुए देखे।

औंछा थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) चंद्र पाल सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि माता-पिता और ग्रामीणों ने देर शाम टैंक से शव बाहर निकाले।

एएसपी ने बताया कि मृत बच्चियों के माता-पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और पुलिस में कोई शिकायत किए बिना आज शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।

भाषा सं आनन्‍द मनीषा रंजन

रंजन