गाजियाबाद (उप्र), 24 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक बड़े जासूसी गिरोह के तीन और कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन पर पड़ोसी देश को संवेदनशील जानकारी भेजने का आरोप है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला और फिलहाल दिल्ली में रह रहा समीर उर्फ शूटर भी शामिल है। वह भारत में इस जासूसी गिरोह के प्रमुख सदस्यों में से है।
पुलिस उपायुकत (ट्रांस हिंडन) धवल जायसवाल ने ‘पीटीआई—भाषा’ को बताया कि गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में शामली जिले का रहने वाला समीर है, जो मध्य प्रदेश से हथियारों की तस्करी करता था। उन्होंने बताया कि इसके अलावा शाहजहांपुर जिले के शिवराज को भी गिरफ्तार किया गया है और उस पर सोनीपत में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आरोप है।
जायसवाल ने बताया, ”राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने जासूसी रैकेट के इन तीनों सदस्यों से पूछताछ की है। अब तक कुल 21 सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गाजियाबाद पुलिस ने जिला अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।”
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए 21 आरोपियों में से छह नाबालिग हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक रविवार को मथुरा जिले की रहने वाली मीरा ठाकुर (28) और हरियाणा के फरीदाबाद जिले के रहने वाले नौशाद अली (20) तथा एक नाबालिग संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि अली पर आरोप है कि उसने दिल्ली और अन्य राज्यों में सुरक्षा व पुलिस प्रतिष्ठानों तथा रेलवे स्टेशनों की टोह ली और वहां की तस्वीरें व वीडियो आगे भेजे।
अपर पुलिस आयुक्त राज करण नय्यर ने सोमवार को बताया था, ”जासूसी में शामिल यह गिरोह सरदार उर्फ जोरावर सिंह नामक एक व्यक्ति को गोपनीय जानकारी भेज रहा था, जो पाकिस्तान से इस जासूसी रैकेट को चला रहा था।”
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में सुहैल मलिक उर्फ रोमियो, साने इरम उर्फ महक, प्रवीण, राज वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि, रितिक गंगवार, गणेश, विवेक, गगन कुमार प्रजापति, दुर्गेश निषाद, नौशाद अली और मीरा शामिल हैं।
भाषा सं. सलीम रंजन
रंजन