शामली/लखनऊ (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो संदिग्ध ‘शार्प शूटर’ को पुलिस ने शामली जिले में सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने इस घटना के बाद कहा कि शामली में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या पूर्व नियोजित साजिश थी, जिसमें हमलावरों ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई, बाहर से हथियार मंगवाए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने की योजना बनाई।
कृष्ण ने यहां पुलिस मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि अब तक की जांच में 26 अगस्त को हुई बालियान की हत्या में गोगी गैंग से जुड़े नेटवर्क की संलिप्तता के संकेत मिले हैं।
बालियान के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की कि बाकी आरोपियों को भी खत्म किया जाना चाहिए। बालियान के पिता ने कहा, ‘‘हम पुलिस की इस कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। हमें आधा इंसाफ मिला है और बाकी आधा इंसाफ भी जल्द मिलना चाहिए।’’
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह मुठभेड़ शामली कोतवाली क्षेत्र के कैराना रोड पर इंडियन गैस गोदाम के पास हुई जिसमें मोहित (22) और सुमित (24) पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए थे।
सिंह के अनुसार दोनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए शामली में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई। दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे।
यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की बुधवार शाम शामली जिले में एक जिम के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘जांच के सिलसिले में पुलिस ने एक कार को रोका और उसमें सवार लोगों को रुकने के लिए कहा, जिसके बाद वे भागने लगे और कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ में मोहित और सुमित को गोली लग गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’
पुलिस ने घटनास्थल से तीन पिस्तौल, 26 कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक बैग, एक मोबाइल फोन और 5000 रूपये नगद बरामद किए।
डीजीपी ने कहा, ‘‘जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले अंकित बालियान की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई थी। यह भी पता चला है कि शूटर को बाहर से हथियार उपलब्ध कराए गए और चार हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।’’
उन्होंने बताया कि हत्या के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहे।
कृष्ण ने कहा, ‘‘घटना के बाद गठित पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और गुजरात एवं अन्य राज्यों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर छापे मारे।’’
डीजीपी के अनुसार खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने 29 अगस्त को कुछ आरोपियों की पहचान की जिनमें दो– मोहित और सुमित, सोमवार तड़के शामली में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए।
उन्होंने कहा कि जांच में गोगी गैंग से जुड़े नेटवर्क की भूमिका भी सामने आई है तथा राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के नाम से कथित तौर पर संचालित एक इंस्टाग्राम अकाउंट ने 26-27 अगस्त को सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
उन्होंने कहा, ‘इस सोशल मीडिया पोस्ट और जिम्मेदारी के दावे की भी जांच की जा रही है।’
डीजीपी ने कहा कि हत्या की पृष्ठभूमि भी अहम है, जांच में 2021 में दिल्ली की रोहिणी अदालत में गोलीकांड में मारे गए गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी से जुड़े गैंगवार के तार का पता चला है।
कृष्ण ने बताया कि बालियान ने एक लोकप्रिय यूट्यूब गाने में अभिनय किया था, जिसका कथित तौर पर गोगी की हत्या से संबंध जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गायक को पहले इस वीडियो को लेकर धमकियां भी मिली थीं और उन्होंने स्पष्ट किया था कि उन्होंने सिर्फ अभिनय किया है, गाने के बोल या धुन उनकी नहीं।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि शूटर को कथित तौर पर फरार गैंगस्टर राहुल ने हत्या की सुपारी दी थी, जो गोगी गिरोह से जुड़ा है। उसने कहा कि राहुल की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।
पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच कर रही है, जिसमें एक व्यक्ति ने बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राहुल ने ही कथित तौर पर शूटर भेजे थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के साथ मिलकर हत्या के मामले में बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संयुक्त अभियान चला रही हैं।
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में ‘स्वाट टीम’ के मुख्य आरक्षी हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में शामली कोतवाली पुलिस, झिंझाना थाना और शामली ‘स्वाट टीम’ के जवान शामिल थे।
हरियाणा में अभियुक्त मोहित के विरुद्ध करीब 14 अभियोग और सुमित के खिलाफ एक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी मिली है। उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के बयान में कहा गया है कि मुठभेड़ के सिलसिले में शामली कोतवाली थाने में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं आनंद राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार