शामली (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो संदिग्ध शार्प शूटरों को पुलिस ने शामली जिले में सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने पत्रकारों को बताया कि अंकित बालियान हत्याकांड के 50-50 हजार रुपये के इनामी दो शार्प शूटर सोमवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए और बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि यह मुठभेड़ शामली कोतवाली क्षेत्र के कैराना रोड पर इंडियन गैस गोदाम के पास हुई।
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित (22) और सुमित (24) के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे।
यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की बुधवार शाम शामली जिले में एक जिम के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
सिंह ने बताया कि 26 अगस्त को हुई गोलीबारी की घटना के बाद से ही जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था और रात के समय वाहनों की तलाशी बढ़ा दी गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच के सिलसिले में पुलिस ने एक कार को रोका और उसमें सवार लोगों को रुकने के लिए कहा, जिसके बाद वे भागने लगे और कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। इसके बाद हुई गोलीबारी में मोहित और सुमित को गोली लग गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि शूटरों को कथित तौर पर फरार गैंगस्टर राहुल ने हत्या की सुपारी दी थी, जो गोगी गिरोह से जुड़ा है। राहुल की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।
पुलिस सोशल मीडिया पर किए गए एक कथित पोस्ट की भी जांच कर रही है, जिसमें एक व्यक्ति ने बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राहुल ने ही कथित तौर पर शूटर भेजे थे। पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) के साथ मिलकर हत्या के मामले में बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संयुक्त अभियान चला रही हैं।
एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में शामली कोतवाली पुलिस, झिंझाना थाना और शामली स्वाट टीम के जवान शामिल थे।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन पिस्तौल, 26 कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक बैग, एक मोबाइल फोन और 5000 रूपये नगद बरामद किए।
हरियाणा में अभियुक्त मोहित के विरुद्ध करीब 14 अभियोग और सुमित के खिलाफ एक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी मिली है। साथ ही उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के बयान में कहा गया है कि मुठभेड़ के सिलसिले में शामली कोतवाली थाने में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा आनंद गोला
गोला