उप्र के देवरिया में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

उप्र के देवरिया में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

उप्र के देवरिया में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
Modified Date: August 20, 2026 / 08:56 am IST
Published Date: August 20, 2026 8:56 am IST

देवरिया (उप्र), 20 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बैरिया तिवारी गांव के पास बुधवार की रात एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर होने से दोपहिया वाहन पर सवार दो युवकों की मौत हो गई।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र में परसिया तिवारी गांव का निवासी लक्ष्मण पासवान (29) महुंई कुंवर गांव के रहने वाले 28 वर्षीय गंगेश पटेल के साथ बुधवार को किसी काम से करुअना गया था।

उसने बताया कि शाम करीब सात बजे दोनों मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, तभी बैरिया तिवारी गांव के पास सोनूघाट की तरफ से आ रही एक कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे।

पुलिस ने बताया कि इसी दौरान वहां से गुजर रहे उप जिलाधिकारी शशिकांत मणि की नजर सड़क किनारे पड़े दोनों युवकों पर पड़ी।

उसने बताया कि उप जिलाधिकारी ने अपनी गाड़ी रुकवाई और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर दोनों को देवरिया मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की कुछ देर बाद मौत हो गई।

बरहज थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि हादसे के समय दोनों युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे और दोनों ने हेलमेट भी नहीं पहना था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

भाषा सं सलीम सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में