प्रतापगढ़, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार को एक सेवानिवृत्त फौजी को पारिवारिक विवाद में अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से अपने साले की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि कोहडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार निवासी देवेन्द्र यादव (50) का अपने जीजा सेवानिवृत्त सैनिक कपिल यादव के साथ पारिवारिक विवाद था।
उन्होंने बताया कि सोमवार को देवेंद्र अपनी बहन प्रियंका को अपने घर लाया था और इसी दौरान झगड़ा होने पर कपिल ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से देवेंद्र को कथित तौर पर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
भूकर ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने देवेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कपिल को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले में कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र