प्रतापगढ़ में कांवड़ियों से भरी पिकअप पलटने से छह गंभीर रूप से घायल

Ads

प्रतापगढ़ में कांवड़ियों से भरी पिकअप पलटने से छह गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 06:57 PM IST

प्रतापगढ़ (उप्र), 10 अगस्त (भाषा) प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर कोतवाली लालगंज क्षेत्र में सोमवार को एक गाड़ी के पलट जाने से उसपर सवार छह कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए तथा कई अन्य को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने बताया कि मानिकपुर थानाक्षेत्र के साहूमाई का पुरवा के कांवड़िए गंगाजल लेकर बाबा घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक करने आए थे।

उन्होंने बताया कि दर्शन और जलाभिषेक के बाद सभी एक गाड़ी से वापस जा रहे थे, तभी डभियार में नटराज पेट्रोल पंप के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

पुलिस के मुताबिक इस हादसे में शनि भारती (20), हिमांशु (22), शिवम (19), निर्मला साहू (18), पवन (26) और अनिल (26) गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने शनि, हिमांशु और शिवम की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी।

पुलिस के अनुसार मामूली रूप से घायल अन्य कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं आनन्द

राजकुमार

राजकुमार