उप्र: इनामी बदमाश के शव को सड़क पर रख उपद्रव करने के मामले में मुकदमा दर्ज

Ads

उप्र: इनामी बदमाश के शव को सड़क पर रख उपद्रव करने के मामले में मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 5, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - June 5, 2026 / 03:46 PM IST

गाजीपुर, पांच जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस ने मुठभेड़ में मारे गए इनामी बदमाश के शव को सड़क पर रखकर उपद्रव करने के मामले में सात लोगों को नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए अपराधी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के शव को सड़क पर रखकर जिन लोगों ने उपद्रव किया और पुलिस वालों को घायल किया, उन्हें चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली गाजीपुर में उपनिरीक्षक राममिलन यादव की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिला राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत भी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।

राममिलन यादव ने शिकायत में आरोप लगाया कि जब कमलेश चौधरी के शव को दाह संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था तब फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर कुछ लोगों ने शव रखकर पुलिस पर पथराव किया।

पुलिस के मुताबिक, हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में थानाध्यक्ष नंदगंज अतुल मिश्रा, कांस्टेबल दिवाकर सिंह, अभिनव कनौजिया और महिला सिपाही रेशमा सिंह घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, संजय कुमार बिंद, अनीता बिंद, मोहन बिंद, राजकुमार बिंद, कमलावती और बिनचरिया को नामजद करने के अलावा 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने बृहस्पतिवार रात को गाजीपुर में घटनास्थल का दौरा किया।

उन्होंने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित रखने और कानून हाथ में लेने वालों के साथ सख्ती से निपटने का आदेश दिया।

गाजीपुर जिले में एक होटल व्यापारी की हत्या के मामले में वांछित कमलेश बिंद बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

उसपर एक लाख रुपये का इनाम था।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र