उप्र: आदित्यनाथ ने स्वैच्छिक रक्तदान पर जोर दिया, पेशेवर रक्तदाताओं पर अंकुश की अपील
उप्र: आदित्यनाथ ने स्वैच्छिक रक्तदान पर जोर दिया, पेशेवर रक्तदाताओं पर अंकुश की अपील
गोरखपुर, 16 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए अधिक प्रयास करने का आह्वान किया और चिकित्सकों से पेशेवर रक्तदान की प्रथा पर अंकुश लगाने में मदद करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इससे संक्रमण का गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। आदित्यनाथ ने गोरखपुर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चैरिटेबल ब्लड सेंटर के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि चिकित्सा प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे में प्रगति के बावजूद रक्त का निर्माण नहीं किया जा सकता।
उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान को जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता की अभिव्यक्ति बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सभी से मेरी अपील है कि हम रक्त की मांग को पर्याप्त आपूर्ति के साथ पूरा करने में सक्षम नहीं हैं। चिकित्सकों को अपने स्तर पर सोशल मीडिया मंचों का उपयोग कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए और समय-समय पर अपील जारी करनी चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से विभिन्न बीमारियों से पीड़ित पेशेवर रक्तदाताओं के मामलों को सामने लाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “अगर विभिन्न बीमारियों से पीड़ित पेशेवर रक्तदाताओं की जांच नहीं की गई तो भविष्य में हमें संक्रमण के गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है।”
आदित्यनाथ ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र और रक्तदान प्रणाली में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने चैरिटेबल ब्लड सेंटर और निशुल्क बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) शुरू करने के लिए आईएमए की गोरखपुर इकाई की सराहना की और कहा कि यह चिकित्सा समुदाय की सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।
भाषा सं जफर मनीषा जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


