उप्र : देवबंद में एटीएस की कार्रवाई, भड़काऊ पोस्ट साझा करने के आरोप में मुफ्ती गिरफ्तार

Ads

उप्र : देवबंद में एटीएस की कार्रवाई, भड़काऊ पोस्ट साझा करने के आरोप में मुफ्ती गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 03:57 PM IST

सहारनपुर, 11 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने तथा पाकिस्तान में कुछ लोगों के संपर्क में रहने के आरोप में सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र से एक मुफ्ती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एटीएस देवबंद के प्रभारी निरीक्षक सुधीर उज्ज्वल ने देवबंद थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने देवबंद के ‘मिल वाला फाटक’ क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी मुफ्ती (मुस्लिम धर्मगुरु) जाकिर को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), राम मंदिर फैसले और “आई लव मोहम्मद” विरोध प्रदर्शनों के दौरान की गई कार्रवाई के खिलाफ लोगों को भड़काने वाले संदेश और सामग्री साझा कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मुफ्ती जाकिर, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व छात्र उमर खालिद के वीडियो देखकर प्रभावित प्रतीत होता है।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी उन प्रमुख उलेमाओं और नेताओं के प्रति भी नाराजगी रखता है, जो हिंदू-मुस्लिम एकता की वकालत करते हैं।

एटीएस ने आरोप लगाया है कि मुफ्ती जाकिर व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान स्थित कुछ व्यक्तियों और समूहों के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, क्योंकि वह कथित रूप से अफवाहें और भ्रामक जानकारी फैलाकर सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने का काम कर रहा था।

स्थानीय पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। देवबंद थाना प्रभारी रोजन्त त्यागी ने बताया कि एटीएस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत