सहारनपुर (उप्र), दो जुलाई (भाषा) सहारनपुर जिले में एक किशोर को कथित तौर पर बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पिछले सप्ताह फतेहपुर थाना क्षेत्र के गदरहेड़ी गांव की है। घटना का वीडियो दो दिन पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) प्रिया यादव ने बताया कि जांच के दौरान, 17 वर्षीय पीड़ित सौरभ के परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने उनके बगीचे से आम और लीची तोड़ने के विवाद को लेकर किशोर के साथ मारपीट की थी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आरोपी अनिल और काला को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर वैभव खारी
खारी