सहारनपुर (उप्र), तीन जुलाई (भाषा) सहारनपुर जिले में देवबंद थानाक्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव में शुक्रवार को कथित तौर पर अपनी शादी के दिन ही एक युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
गंगोह के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर पुलिस अपने स्तर पर जानकारी जुटा रही है तथा जांच कराई जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मोहिउद्दीनपुर गांव के अमित (28) की शुक्रवार शाम बारात जानी थी तथा बृहस्पतिवार रात घर में शादी से जुड़ा एक कार्यक्रम था।
सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम के बाद अमित घर की छत पर बने कमरे में सोने चला गया तथा शुक्रवार सुबह देर तक नीचे न आने पर परिजन जब उसके कमरे में गए तो वह फांसी पर लटका मिला।
सूत्रों के मुताबिक घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं तथा परिजनों ने दोपहर में ही बिना पुलिस को सूचित किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव वालों के मुताबिक अमित पिछले छह साल से रेलवे में नौकरी कर रहा था और अपनी शादी को लेकर बहुत खुश था। वह रेलवे में लोको पायलट था और फिलहाल लुधियाना में तैनात था।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार