‘ओवरलोडिंग’ के आरोप में जब्त ट्रक को पुलिस थाने से हटाकर उसकी जगह दूसरा ट्रक खड़ा किया, जांच जारी

Ads

‘ओवरलोडिंग’ के आरोप में जब्त ट्रक को पुलिस थाने से हटाकर उसकी जगह दूसरा ट्रक खड़ा किया, जांच जारी

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 07:53 PM IST

सहारनपुर (उप्र), तीन जुलाई (भाषा) खनन विभाग द्वारा तय सीमा से अधिक भार का लदान (ओवरलोड) करने के आरोप में पुलिस अभिरक्षा में लिए गए जब्त ट्रक को कथित तौर पर थाने से हटाने और उसकी जगह रातों-रात नकली नंबर प्लेट वाला एक खाली ट्रक खड़ा करने के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देहात कोतवाली पुलिस थाने के प्रभारी एच एन सिंह ने बताया कि पुलिस थाना के ‘मालखाना’ (भंडारण) प्रभारी की शिकायत पर ट्रक के मालिक, चालक और खलासी के खिलाफ बृहस्पतिवार शाम को मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि खनन विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर 29 जून को एक संयुक्त अभियान चलाया था और खनन से प्राप्त सामग्री ले जा रहे चार ‘ओवरलोड’ ट्रक और ‘रॉयल्टी परमिट’ की अवधि खत्म होने के बावजूद चल रहे एक अन्य ट्रक को जब्त किया था। जगह की कमी के कारण इन वाहनों को निगरानी में पुलिस थाने के बाहर खड़ा किया गया था।

निरीक्षण के दौरान मालखाना प्रभारी को ट्रक संख्या यूपी11 सीटी 8645 खाली मिला। पूछताछ करने पर चालक अरशद ने शुरू में गोल-मोल जवाब दिया, लेकिन बाद में कथित तौर पर स्वीकार किया कि मूल रूप से जो ट्रक जब्त किया गया था उसकी पंजीकरण संख्या एचआर 58 ई 3544 थी।

पुलिस के अनुसार, ट्रक मालिक नावेद ने कथित तौर पर अवैध खनन कार्यों के लिए वाहन में यूपी 11 सीटी 8645 वाली नकली पंजीकरण प्लेट लगाई थी। ट्रक को जब्त करने के बाद उसे कथित तौर पर एक अतिरिक्त चाबी का उपयोग करके हटा दिया गया और संदेह से बचने के लिए उसकी जगह नकली पंजीकरण नंबर वाला दूसरा खाली ट्रक खड़ा कर दिया गया।

पुलिस ने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में लिए गए जब्त वाहन को बदलने और सबूत नष्ट करने के प्रयास के आरोप में मालिक नवीद, चालक अरशद और खलासी शावेज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सिंह ने कहा कि अवैध खनन सामग्री से लदे मूल ट्रक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

भाषा सं जफर राजकुमार संतोष

संतोष