उप्र : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया
उप्र : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया
लखनऊ, 22 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिये जाने के खिलाफ बुधवार को यहां मॉल एवेन्यू इलाके में पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘पांच-कालिदास मार्ग’ स्थित आवास के घेराव की योजना बनाई थी, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को बैरिकेड लगाकर पार्टी कार्यालय के बाहर ही रोक दिया गया।
राय ने पार्टी कार्यालय से बाहर आने के बाद ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘भाजपा सरकार लोगों पर अत्याचार कर रही है। जिस तरह से राहुल गांधी और प्रियंका जी को अपमानित किया गया, उसके विरुद्ध पार्टी कार्यकर्ता यहां मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।’’
बाद में पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने येन-केन-प्रकारेण पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की भारी तैनाती के कारण वे सफल नहीं सके।
बाद में प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस वाहन में वहां से ले जाया गया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने कथित नीट पेपर लीक मुद्दे का विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव एवं अन्य विपक्षी नेताओं को मंगलवार शाम पुलिस ने हिरासत में ले लिया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
भाषा जफर सुरेश
सुरेश

Facebook


