लखनऊ, 27 अगस्त (भाषा) त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, रक्षाबंधन के मद्देनजर 20 अगस्त 2026 से चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत विभिन्न जिलों में अब तक 18 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और खाद्य पदार्थों के 182 नमूने लिए गए हैं।
अभियान के दौरान 13,440.25 किलोग्राम और 14,561 लीटर खाद्य सामग्री जब्त की गई। वहीं, 18,607 किलोग्राम और 7,630 लीटर असुरक्षित या अस्वच्छ खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 26.09 लाख रुपये, जबकि नष्ट कराई गई सामग्री का मूल्य करीब 27.89 लाख रुपये है।
बयान के मुताबिक कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, मेरठ, कासगंज, अलीगढ़, बागपत, प्रयागराज, गाजियाबाद, आगरा, हापुड़, संत कबीर नगर, फिरोजाबाद, बदायूं, संभल और मथुरा समेत विभिन्न जिलों में कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि कानपुर नगर में हटिया खोया मंडी के 14 विक्रेताओं का निरीक्षण कर 18 नमूने लिए गए और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा करीब 4.30 क्विंटल खोया नष्ट कराया गया। एक्सप्रेस-वे और फजलगंज खोया मंडी में भी नमूने लिए गए।
कानपुर देहात में खोया निर्माण इकाइयों में रिफाइंड तेल, वनस्पति और स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी) के इस्तेमाल के मामले सामने आए। इसके बाद तैयार खोया नष्ट कराया गया, संदिग्ध सामग्री जब्त की गई और संबंधित मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
वहीं, लखनऊ में शिवाक्षी स्वीट्स पर कार्रवाई के दौरान 15 नमूने लिए गए। करीब 686 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त करने के साथ 2,675 किलोग्राम संदूषित खाद्य पदार्थ नष्ट कराया गया। अस्वच्छ परिस्थितियों में कारोबार किए जाने के कारण प्रतिष्ठान को बंद करा दिया गया।
इसी तरह, संभल में नकली घी तैयार करने वाले एक परिसर पर छापेमारी कर करीब 100 क्विंटल घी जब्त किया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ परिसर को सील कर कारोबार बंद करा दिया गया।
बदायूं में वाहन जांच के दौरान 1,605 किलोग्राम देशी घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10.53 लाख रुपये है। कासगंज में चार क्विंटल और हापुड़ में करीब छह क्विंटल पनीर नष्ट कराया गया।
मथुरा में रिफाइंड तेल और संदिग्ध रसायनों का इस्तेमाल कर पनीर तैयार किए जाने के तीन मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
अभियान के दौरान स्किम्ड मिल्क पाउडर, वनस्पति, रिफाइंड तेल, सिंथेटिक रंग, सोडियम बाइकार्बोनेट और संदिग्ध रसायन भी जब्त किए गए। प्रयागराज में 72 क्विंटल विभिन्न खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए, जबकि अलीगढ़ में 17.5 क्विंटल खोया नष्ट कराया गया।
फिरोजाबाद में 10 क्विंटल मावा नष्ट कराने के साथ दो प्राथमिकी दर्ज की गईं। वहीं, गाजियाबाद में संदिग्ध रसायन और अन्य सामग्री जब्त करते हुए दो प्राथमिकी दर्ज कराई गईं।
भाषा
राजेंद्र रवि कांत