उप्र : बहराइच में पुलिस हिरासत से फरार अपराधी ‘डोकोमो’ गिरफ्तार
उप्र : बहराइच में पुलिस हिरासत से फरार अपराधी 'डोकोमो' गिरफ्तार
बहराइच, पांच अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने गई पुलिस की टीम पर उसके परिजनों और सहयोगियों ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिसमें एक उपनिरीक्षक समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोतवाली नगर के उपनिरीक्षक विशेष सिंह के नेतृत्व में एक टीम शनिवार रात किला महाजनी इलाके में बरकतुल्लाह उर्फ ‘डोकोमो’ को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। आरोपी के खिलाफ दंगा, अतिक्रमण और पॉक्सो अधिनियम सहित सात मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बरकतुल्लाह को मौके पर घेरकर पकड़ लिया था, लेकिन उसने तुरंत शोर मचाकर अपने परिजनों और साथियों को बुला लिया।
पुलिस के मुताबिक उसकी आवाज सुनकर उसके पिता रफीकुल्लाह, भाई अब्दुल्ला, मां राबिया, बहनें और सहयोगी नजीर अहमद समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला किया, धक्का-मुक्की की, मारपीट की, यहां तक कि कुछ ने पुलिसकर्मियों को काट भी लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में उपनिरीक्षक समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हमलावरों ने आरोपी को छुड़ाकर भगा दिया। घायल पुलिसकर्मियों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
उपनिरीक्षक विशेष सिंह की तहरीर पर रविवार को कोतवाली नगर थाने में बरकतुल्लाह के परिजनों और सहयोगियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने रविवार को बरकतुल्लाह उर्फ डोकोमो और नजीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत

Facebook


