सुलतानपुर, 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा बंधुआ कला थाना क्षेत्र के अलीगंज चौकी अंतर्गत हकुआ मोड़ के पास हुआ।
थाना प्रभारी प्रवीण पटेल के मुताबिक मृतकों की पहचान राजाराम प्रजापति (50) और उनके पुत्र सिकंदर प्रजापति (25) के रूप में की है। दोनों कूड़वार थाना क्षेत्र के बहमारपुर गांव के निवासी थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों किसी रिश्तेदार से मिलकर घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें पहले मुसाफिरखाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घायलों को सीधे मेडिकल कॉलेज न ले जाने के कारण उपचार में देरी हुई, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत