उप्र : गोरखपुर में पार्षद के पूर्व सहायक की चाकू मारकर हत्या
उप्र : गोरखपुर में पार्षद के पूर्व सहायक की चाकू मारकर हत्या
गोरखपुर (उप्र) 17 मार्च (भाषा) गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में मंगलवार को सुबह की पार्षद के एक पूर्व सहायक की अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हमले के समय पार्षद के पूर्व प्रतिनिधि टहलने निकले थे।
इस बीच राज्य में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर भाजपा नीत सरकार पर सवाल उठाए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बरगदवा स्थित राज कुमार चौहान (38) के आवास से महज 500 मीटर की दूरी पर घटी, जब चार हमलावरों ने कथित तौर पर चौहान को रोका और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। परिवार के सदस्य उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस को सुबह ही हमले की सूचना मिल गई थी। पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, उसी गांव के आठ लोगों को मामले में नामजद किया गया है। अब तक सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी ने बताया, “मामले की जांच के लिए आठ पुलिस टीम गठित की गई हैं। गांव में लगे सात सीसीटीवी कैमरों में दर्ज तस्वीरों का विश्लेषण किया जा रहा है। कुछ अहम सबूत भी जुटाए गए हैं। पुरानी दुश्मनी समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”
पुलिस ने बताया कि चौहान पार्षद के पूर्व प्रतिनिधि थे और व्यापार भी करते थे। जांचकर्ता 2023 से चले आ रहे एक कथित विवाद को हत्या के एक संभावित मकसद के तौर पर देख रहे हैं।
घटना से नाराज करीब 500 स्थानीय लोगों ने गोरखपुर-सोनौली सड़क को जाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लगभग 10 पुलिस थानों से भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
चौहान ने 2018 से 2023 के बीच पार्षद के प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया था।
सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए लिखा, ‘‘उत्तर प्रदेश में लॉ एंड आर्डर को ही गोली मार दी गयी है। अब भाजपाई ‘आस्तीनी अपराधी’ ही भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें भाजपाइयों ने भूमिगत तरीक़े से पाला-पोसा है।’’
सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘मुख्यनगर गोरखपुर में दिनदहाड़े हुआ ये हत्याकांड बता रहा है कि बेखौफ अपराधियों को किसका प्रश्रय प्राप्त है। जनता समझदार है।’’
भाषा सं आनन्द धीरज
धीरज

Facebook


