उप्र : पुलिस कांस्टेबल परीक्षा में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

उप्र : पुलिस कांस्टेबल परीक्षा में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

उप्र : पुलिस कांस्टेबल परीक्षा में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
Modified Date: June 12, 2026 / 11:46 am IST
Published Date: June 12, 2026 11:46 am IST

जौनपुर, 12 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025 में चयन कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के दो सदस्यों को जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सीवान जिले के राज कुमार मांझी और उसके सहयोगी छोटे लाल यादव के रूप में हुई है।

पुलिस उपाधीक्षक (एसटीएफ प्रयागराज इकाई) शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक गिरोह अभ्यर्थियों से संपर्क कर परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर मोटी रकम की मांग कर रहा है।

सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बड़ागांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 21 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र की फोटोकॉपी, दो मोबाइल फोन, तीन चेक, तीन आधार कार्ड, चार मार्कशीट की प्रतियां और व्हाट्सऐप चैट के 13 प्रिंटआउट बरामद किए।

पूछताछ में आरोपी राज कुमार मांझी ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था। गिरोह के अन्य सदस्य अभ्यर्थियों से संपर्क कर उनके दस्तावेज एकत्र करते थे और सौदे की व्यवस्था करते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को वर्ष 2022 में इसी प्रकार के धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसटीएफ ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को राज्य के 75 जिलों के 1,183 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की गई थी, जिसमें कुल उपस्थिति 75.94 प्रतिशत रही।

भाषा सं जफर

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में