उप्र: राज्यपाल ने जन भवन में विविध थीम पर आधारित फव्वारों का उद्घाटन किया

Ads

उप्र: राज्यपाल ने जन भवन में विविध थीम पर आधारित फव्वारों का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 12:46 AM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 12:46 AM IST

लखनऊ, 14 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को लखनऊ स्थित ‘जन भवन’ परिसर में थीम आधारित संगीतमय और सजावटी फव्वारों का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पंचतंत्र, उत्तर प्रदेश के राजकीय प्रतीक और भगवान राम के धनुष की थीम पर आधारित इन फव्वारों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा, प्रकृति, वन्यजीवन तथा उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान को आधुनिक तकनीक और कलात्मक अभिव्यक्ति के साथ प्रस्तुत किया गया है।

पंचतंत्र फव्वारे को पंचतंत्र की थीम पर उन्नत कर नवीन एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। इसका मुख्य आकर्षण फव्वारे के मध्य स्थापित डॉल्फिन मछली के जोड़े की प्रतिकृति है। एक ओर सारस के जोड़े तथा दूसरी ओर बारहसिंगा एवं उसके बच्चे की प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं। इन कलात्मक संरचनाओं के माध्यम से प्रकृति, वन्यजीवन और भारतीय लोक कथाओं के बीच संबंध को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है।

बयान में कहा गया कि मुख्य भवन के सामने स्थित फव्वारे को उत्तर प्रदेश के राजकीय प्रतीक को केंद्र में रखते हुए संगीतमय फव्वारे के रूप में विकसित किया गया है। इसमें देशभक्ति गीतों पर आधारित थीम प्रस्तुत की गई हैं।

बयान में कहा गया कि इन फव्वारों के निर्माण और स्थापना के काम में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात और राजस्थान के विशेषज्ञों तथा कुशल कारीगरों को लगाया गया।

भाषा आनन्द गोला

गोला