मुजफ्फरनगर (उप्र), 14 सितंबर (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार शाम पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद 80 वर्षीय महिला और उसके बेटे ने कथित तौर पर जहर खा लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजू कुमार साव ने बताया कि यह घटना नई मंडी थाना क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में हुई।
मृतकों की पहचान सुशीला (80) और उनके बेटे जितेंद्र (50) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र का अपनी मां के साथ पैसे को लेकर झगड़ा हुआ था और विवाद के बाद उसने कथित तौर पर जहर खा लिया। इसके कुछ देर बाद सुशीला ने भी कथित रूप से जहर खा लिया।
सीओ ने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला