हरदोई, 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शुक्रवार तड़के नवीन सब्जी मंडी के पास करीब आधा दर्जन दुकानों में भीषण आग लग गई और इस दौरान गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक मिठाई की दुकान में रात करीब डेढ़ बजे आग लगी और देखते ही देखते आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घने धुएं और ऊंची लपटों के कारण पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत फैल गई।
अधिकारियों ने बताया कि दुकानों के भीतर रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से स्थिति और भयावह हो गई। धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी शिवराम यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के दौरान सबसे पहले दुकानों के अंदर रखे चार गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि दो सिलेंडर पहले ही फट चुके थे।
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा