हरदोई (उप्र), 14 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक चोर ने चोरी के मामले में जमानतदार का घर भी नहीं छोड़ा और उसके घर में सेंध लगाकर 11.50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी चुरा ली। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरीशुदा आभूषण एवं नकदी बरामद करने के साथ ही, आरोपी युवक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया की थाना कछौना में राम नंदन कनौजिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर अज्ञात चोरों ने लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नकदी की चोरी कर ली है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में विनायक शर्मा तथा परास को गिरफ्तार किया। पूछताछ में विनायक ने बताया कि उसके पिता की मौत हो गई है और मां विकलांग है। ऐसे में उसे दोस्तों के साथ ऐश करने का शौक लग गया और वह अपने इसी शौक को पूरा करने के लिए चोरी करने लगा। वह अब तक कई चोरी कर चुका है।
मीणा ने बताया कि आरोपी ने मथुरा में जहां वह काम कर रहा था, वहीं चोरी कर ली। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसकी मां ने गांव के ही रहने वाले राम नंदन कनौजिया से जमानत कराने का अनुरोध किया जिसके बाद कनौजिया ने मानवता के चलते उसकी जमानत ले ली।
हालांकि, जमानत पर दो माह पहले रिहा होने के बाद आरोपी विनायक शर्मा ने राम नंदन कनौजिया के घर को ही निशाना बना लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ने उसके घर से लगभग 10 लाख रुपए के आभूषण तथा डेढ़ लाख रुपए नगद की चोरी की थी।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी करता था उसके बाद अपने दोस्तों को ले जाकर दिल्ली और मुंबई में ऐश करता था। वह अब तक देह व्यापार करने वाली 25 से भी अधिक महिलाओं से संबंध बनाए हैं।
पुलिस ने आरोपी विनायक शर्मा और पारस को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
भाषा सं राजेंद्र मनीषा रंजन
रंजन