उप्र : सुलतानपुर में पूर्व बार अध्यक्ष के निधन से आप सांसद की सुनवाई टली
उप्र : सुलतानपुर में पूर्व बार अध्यक्ष के निधन से आप सांसद की सुनवाई टली
सुलतानपुर, 16 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की सांसद-विधायक अदालत में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के निधन की वजह से कार्यवाही स्थगित होने से आचार संहिता उल्लंघन मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद की सुनवाई टल गई और अब अगली सुनवाई 27 फरवरी को होगी। एक अधिवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आप सांसद संजय सिंह के अधिवक्ता मदन सिंह ने बताया कि आप सांसद से जुड़े आचार संहिता के मामले की सुनवाई सोमवार को यहां अदालत में होनी थी, लेकिन बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राम शंकर पांडेय के निधन के कारण यह टल गई। बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया था।
अधिवक्ता सिंह ने बताया कि यह मामला बंधुआ कला क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित है। वर्तमान में इस मुकदमे में साक्ष्य दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 27 फरवरी की तारीख निर्धारित की है।
यह मामला 13 अप्रैल 2021 का है। आरोप है कि पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआ कलां थाने के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के एक सभा का आयोजन किया गया था। पुलिस ने इस संबंध में संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव समेत कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया।
इस मामले में अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी थी। संजय सिंह के लगातार गैरहाजिर रहने के कारण अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। जुलाई 2024 में उन्होंने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें 20 हजार रुपये के दो जमानत मुचलके और निजी मुचलका दाखिल करने पर रिहा कर दिया गया था।
जून में विशेष अदालत ने आरोपियों के अधिवक्ता द्वारा दायर डिस्चार्ज अर्जी को खारिज कर दिया था। अदालत ने आरोप पत्र स्वीकार करते हुए आरोप तय किए थे।
भाषा
सं, आनन्द
रवि कांत

Facebook


