उप्र : बलिया में पिता की चाकू मारकर हत्या करने वाला युवक गिरफ्तार

Ads

उप्र : बलिया में पिता की चाकू मारकर हत्या करने वाला युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 06:49 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 06:49 PM IST

बलिया, 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में पारिवारिक विवाद में एक युवक ने अपने पिता की चाकू से प्रहार कर हत्या कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इस घटना में पिता को बचाने आए उसके दो भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी बेटे और उसकी पत्नी के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बैरिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी के अनुसार भगवानपुर गांव का मुकेश यादव गुजरात के सूरत में नौकरी करता है। मुकेश शुक्रवार की रात्रि गुजरात से घर लौटा तो उसकी पत्नी पुष्पा देवी ने मुकेश से अपने सास और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए उससे शिकायत की। पत्नी के उकसावे पर मुकेश (24) ने अपने पिता लाल जी यादव (48) पर चाकू से हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि पिता को बचाने के लिए मुकेश के दो भाई राकेश और गोविंद आगे आए तो मुकेश ने उन पर भी चाकू से प्रहार कर दिया।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लाल जी यादव और उसके दो अन्य पुत्रों राकेश और गोविंद को तत्काल सोनबरसा स्थित सरकारी अस्पताल भेजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा लाल जी यादव मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में लाल जी यादव की पत्नी चिंता देवी की तहरीर पर मुकेश और उसकी पत्नी पुष्पा देवी के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक कुरैशी के अनुसार पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत

शीर्ष 5 समाचार