फतेहपुर, तीन सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के भीकमपुर गांव में बृहस्पतिवार तड़के एक व्यक्ति ने अपने ससुराल वालों के पांच सदस्यों पर धारदार हथियार से कथित तौर पर हमला कर दिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसे काबू में कर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि असापुर गांव निवासी आरोपी पवन विश्वकर्मा (40) बुधवार शाम औंग थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल गया था। वह बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने अपने साले राजू विश्वकर्मा को शाम करीब पांच बजे अपने साथ ले गया, लेकिन करीब तीन घंटे बाद अकेले ही लौटा। अपने घर पर कपड़े बदलने के बाद वह रात करीब 10 बजे फिर भीकमपुर आ गया।
एसपी ने बताया कि जब परिजनों ने राजू के बारे में पूछा तो पवन ने कहा कि वह कहीं रुक गया है और खुद लौट आएगा, लेकिन उसने उसके ठिकाने की जानकारी नहीं दी।
उन्होंने बताया कि खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो गए। तड़के करीब 1.30 बजे पवन ने कथित तौर पर अपने साथ लाया धारदार हथियार उठाया और सोते हुए परिजनों पर हमला कर दिया।
मांगलिक ने बताया कि पवन ने सबसे पहले राजू के तीन बेटों-राजकरण उर्फ खाटू (25), प्रदीप (23) और गोरे (20) पर हमला किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर उनके चाचा राजेश विश्वकर्मा और उनकी पत्नी बुद्धा (37) मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। इस हमले में पांचों लोग घायल हो गए।
हमले के दौरान घायल परिजनों ने पवन को काबू में कर लिया और उससे हथियार छीन लिया। इसके बाद वह गंभीर चोटों के साथ घर के बाहर बेहोश पाया गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी पिटाई की थी।
एसपी ने बताया कि पवन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घायलों में से चार को कानपुर के लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पांचवें का फतेहपुर के मालवान स्थिति मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
मांगलिक ने बताया कि कानपुर में इलाज करा रहे चार सदस्यों की हालत खतरे से बाहर है और पांचवें की हालत भी स्थिर है।
वहीं, राजू का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस उसके ठिकाने का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन अपनी पत्नी सीमा उर्फ फूल कुमारी से कई वर्षों से अलग रह रहा था। वह फिलहाल अपने चार बच्चों के साथ गुजरात में रह रही है। पवन का मानना था कि उसकी पत्नी से अनबन के लिए उसके ससुराल वाले जिम्मेदार हैं।
एसपी ने कहा कि शुरुआती निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि वैवाहिक विवाद के कारण पवन ने यह कदम उठाया होगा। पुलिस राजू के लापता होने के साथ-साथ हमले और पवन की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत रवि कांत