उप्र: व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की, मां का शव फ्लैट से बरामद

Ads

उप्र: व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की, मां का शव फ्लैट से बरामद

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 10:27 PM IST

गाजियाबाद, 19 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक सोसाइटी में 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से बृहस्पतिवार को कथित तौर पर छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली जबकि उसकी मां अपने फ्लैट में मृत पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना कविनगर थानाक्षेत्र स्थित महागुन सोसाइटी के विनायक टावर की है और मृतकों की पहचान राजवीर व उसकी 70 वर्षीय मां सतनाम कौर के रूप में हुई है।

सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि 70 वर्षीय महिला सतनाम कौर का शव उनके फ्लैट में पड़ा था।

उन्होंने बताया कि पेशे से ज्योतिष राजवीर अपनी मां के साथ फ्लैट में रहता था जबकि उसकी पत्नी और बेटे विवाद की वजह से ‘क्रॉसिंग रिपब्लिक’ सोसाइटी में अलग रहते हैं।

पुलिस के मुताबिक, राजवीर को हाल के वर्षों में काफी नुकसान हुआ था और उसके पिता व भाई की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है।

पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और राजवीर की मां के शरीर पर भी चोट का कोई निशान नहीं दिखा।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण पता चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि कहीं राजवीर ने आत्महत्या से पहले कहीं अपनी मां की हत्या तो नहीं की।

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र