कुशीनगर, चार अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में दोस्त के घर खाना खाने के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान गौरी शुक्ला गांव निवासी अलीहुसैन के पुत्र जाकिर (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जाकिर शुक्रवार रात करीब नौ बजे अपने दोस्त ओम सिंह के घर से खाना खाकर लौट रहा था, तभी वह रास्ते में अचानक गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।
घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर चिकित्सकों ने शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के चाचा ने साजिश की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत