उप्र: मोटरसाइकिल को डंपर ने मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत
उप्र: मोटरसाइकिल को डंपर ने मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत
सुलतानपुर (उप्र), पांच सितंबर (भाषा) सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मां-बेटी की मौत हो गई और उनके परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कूरेभार थाना क्षेत्र के गुप्तागंज बाजार में जन्माष्टमी का मेला देखकर इनायतपुर गांव निवासी अवधेश (40) अपनी भाभी रेखा (32), भतीजी वर्षा (12) और भतीजे तेजस (10) के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
उसने बताया कि जब वे शुक्रवार रात करीब 10 बजे गोसाईगंज थाना क्षेत्र में बाबूगंज बाजार से आगे पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में रेखा और वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में रेखा का बेटा तेजस और उसका देवर अवधेश भी घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोसाईगंज के थाना प्रभारी अखंडदेव मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
भाषा सं जफर
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


