कौशांबी, 26 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में एक टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह एक एलपीजी टैंकर के अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर टोल बूथ से टकराने के बाद वाहन में आग लग गई। हादसे में छह टोलकर्मी और एक ट्रक चालक समेत सात लोग झुलस गए जबकि टैंकर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद गैस रिसाव होने से टैंकर में आग लग गई और आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।
सूचना मिलने पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि कोखराज टोल प्लाजा पर एक एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर टोल बूथ से टकरा गया, जिससे आग लग गई।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूचना में टैंकर चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई थी लेकिन बाद में टैंकर के केबिन से एक व्यक्ति का पूरी तरह झुलसा हुआ शव बरामद हुआ।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त एलपीजी टैंकर के चालक की वाहन के भीतर ही झुलसकर मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रजापत ने बताया कि हादसे में छह टोलकर्मी और एक ट्रक चालक समेत सात लोग झुलस गए।
उन्होंने बताया कि घायल टोलकर्मी आलोक सिंह, हीरामणि, अतुल मिश्रा व कृष्ण पाल मौर्य और ट्रक चालक समेत पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल स्थानांतरित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में झुलसे दो अन्य टोलकर्मियों को मूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया हालांकि दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रजापत ने बताया कि घटना की जानकारी जिला आपूर्ति निरीक्षक और एक तकनीकी दल को दे दी गई है तथा तकनीकी दल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाएगा।
मंझनपुर के अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) अशोक यादव ने बताया कि गैस टैंकर में लगी आग के कारण टोल प्लाजा पर खड़ी टोलकर्मियों की 16 मोटरसाइकिलें और दो कारें भी जलकर राख हो गईं।
उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों के आग पर काबू पाने तक ये सभी वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।
भाषा सं आनन्द रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र