उप्र : शामली में पानीपत की महिला से सामूहिक दुष्‍कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार

Ads

उप्र : शामली में पानीपत की महिला से सामूहिक दुष्‍कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 13, 2022 / 10:21 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:47 PM IST

मुजफ्फरनगर (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) पड़ोसी शामली जिले के कैराना क्षेत्र में हरियाणा के पानीपत जिले की 48 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्‍कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक कुमार ने यहां पत्रकारों को बताया कि राहुल और मोहन नाम के दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, कैराना क्षेत्र के एक गांव में पीड़ित महिला को राहुल ने जेल में बंद उसके दो बेटों की जमानत कराने का भरोसा देकर बुलाया और शराब पीकर अपने साथी मोहन के साथ मिलकर सोमवार को ऐरटी गांव के जंगल में उससे सामूहिक दुष्‍कर्म किया। इसके बाद उन्होंने महिला को मारपीट कर बेहोश कर दिया तथा निर्वस्त्र अवस्था में छोड़ दिया।

एसपी ने बताया कि जब लोगों ने जंगल में बेहोश, निर्वस्त्र हालत में महिला को देखा तो पुलिस को सूचना दी।

उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा सं आनन्द मनीषा

मनीषा